संक्षेप:
Bihar Election: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार चुनाव से पहले विधानमंडल के अंतिम सत्र के आखिरी दिन बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पर अब तक चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। इस पर सरकार ने उनसे लिखित में जानकारी देने को कहा है।

विस्तार:
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद की सदस्य राबड़ी देवी ने अपने बेटे तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विधानमंडल के अंतिम सत्र के अंतिम दिन कहा कि तेजस्वी पर अब तक चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के शासनकाल (2005 से अब तक) में तेजस्वी की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए चिंता जताई। वहीं राज्य सरकार ने इसे चुनावी स्टंट बताते हुए कहा कि अगर ऐसा कोई मामला है तो लिखित में जानकारी दें, सरकार जांच जरूर करेगी।
राबड़ी देवी ने कहा – भाजपा और जदयू वाले नाली के कीड़े हैं, यही लोग तेजस्वी पर हमले करवा रहे हैं।

शुक्रवार को बिहार विधान परिषद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव की जान को खतरा है। उन पर अब तक चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं, और ये हमले भाजपा और जदयू के लोग करवा रहे हैं। ये लोग नाली के कीड़े हैं।”
इस बयान के बाद नीतीश कुमार सरकार में मंत्री जीवेश मिश्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राबड़ी देवी के शब्दों का चयन जनता देख रही है। वह बेबुनियाद और आपत्तिजनक बयान दे रही हैं। एक नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए उन्हें ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने कहा – अगर ऐसा है तो राबड़ी देवी सरकार को इसकी लिखित जानकारी दें।
राबड़ी देवी के बयान पर सरकार की ओर से डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार में बिहार की सुरक्षा सुनिश्चित है। तेजस्वी यादव सहित दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को सरकार की ओर से पूरी सुरक्षा दी गई है। इन लोगों ने जनता को लंबे समय तक डराया, अब खुद डर का शिकार हो रहे हैं। अगर राबड़ी देवी को लगता है कि उनके बेटे को जान का खतरा है, तो वह इसकी जानकारी सरकार को लिखित में दें। यह पूरा मामला एक राजनीतिक स्टंट है। विपक्ष के लोगों की सोच नकारात्मक हो चुकी है। न उन्हें संविधान में विश्वास है, न ही संवैधानिक संस्थाओं में। उन्हें केवल बल और लाठी के सहारे राजनीति करनी आती है।”
ये भी पढ़ें… उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
https://digitalnewstak.com/jagdeep-dhankhar-resigns-congress-smells-political-pressure/
1 thought on “राबड़ी देवी ने कहा- तेजस्वी यादव की जान को खतरा है, उन पर चार बार जानलेवा हमले हो चुके हैं; सरकार बोली- यह बात लिखित में दें।”